Wednesday, 5 January 2011

pulis ki dabangayi, sarkari avas par avaidh kabja

सेक्टर-24 थाने में एक दिलचस्प मामला सामने आया है। अबतक आम आदमी पर अपनी दबंगईर् दिखाने के लिए बदनाम पुलिस ने इस बार अपनी दबंगई से सरकारी आवास पर कब्जा जमा लिया है। इस संबंध में सेक्टर-24 थाने में 5 पुलिसकर्मियों के खिलाफ सरकारी आवास पर कब्जा करने का मामला दर्ज किया गया है। इन पुलिस कर्मियों पर सरकारी आवास पर कब्जा जमाने का आरोप है। नोटिस भेजे जाने के बावजूद इन्होंने मकान को खाली नहीं किया।

आरोपी पुलिसकर्मी नेत्रपाल सिंह, संतोष गौतम, शहजाद हाशमी, मुकेश कुमार और लेखराज शर्मा हैं। पांचों पुलिसकर्मियों का करीब 1 साल पहले नोएडा से ट्रांसफर हो गया था। इसके बावजूद इन लोगों ने सरकारी आवास पर कब्जा जमाया हुआ है। पुलिस विभाग के मुताबिक इन पुलिसकर्मियों को नोएडा में तैनाती के दौरान मकान अलॉट किया गया थे, लेकिन ट्रांसफर होने के बाद भी इनसे मकान खाली करने को कहा गया था।

इसी दौरान नोएडा में वर्तमान में तैनात पुलिसकर्मियों को मकान अलॉट किए गए। जब वो मकान में रहने गए तो मकान खाली नहीं मिला। इस बात को लेकर इनके बीच कहासुनी की नौबत भी आ गई, लेकिन इन दबंग पुलिसकर्मियों ने मकान खाली नहीं किया। जानकारी के अनुसार इस मामले में पांचों पुलिसकर्मियों को 10 दिसंबर को एसएसपी की तरफ से नोटिस भेजा गया था। इस नोटिस में अगले 7 दिनों में मकान खाली करने की चेतावनी दी गई थी। लेकिन इन पुलिसकर्मियों ने एसएसपी के नोटिस को दरकिनार करते हुए मकान खाली नहीं किया। इसके बाद अब सेक्टर-24 थाने में इन पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस विभाग का कहना है कि आरोपी पुलिसकर्मियों की जहां पर तैनाती है, वहां के सीनियर पुलिस अधिकारियों को इस मामले की जानकारी दी जा रही है।

No comments:

Post a Comment